45 डिग्री की तपिश में महिला आरक्षक ने दिखाई इंसानियत, प्यास से बेहाल बुजुर्ग महिला को पिलाया पानी

45 डिग्री की तपिश में महिला आरक्षक ने दिखाई इंसानियत, प्यास से बेहाल बुजुर्ग महिला को पिलाया पानी

दुर्ग। भीषण गर्मी और 45 से 46 डिग्री तापमान के बीच जहां लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, वहीं दुर्ग यातायात पुलिस के जवान लगातार चिलचिलाती धूप में अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इसी बीच यातायात पुलिस की एक महिला नव आरक्षक ने मानवता की मिसाल पेश कर लोगों का दिल जीत लिया। मामला दुर्ग के राजेंद्र पार्क चौक का है, जहां ड्यूटी पर तैनात महिला नव आरक्षक केशर साहू ने प्यास से व्याकुल एक बुजुर्ग महिला की मदद की।

जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान महिला आरक्षक की नजर सड़क किनारे परेशान हालत में खड़ी एक वृद्ध महिला पर पड़ी। तेज धूप और गर्मी के कारण महिला बेहद कमजोर और प्यास से परेशान दिखाई दे रही थी। स्थिति को देखते हुए नव आरक्षक केशर साहू ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने पास मौजूद पानी से बुजुर्ग महिला को पानी पिलाया और राहत पहुंचाई। 

इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी के इस मानवीय व्यवहार की सराहना की। लोगों का कहना था कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम लोगों की मदद के लिए भी हमेशा आगे रहती है। यातायात पुलिस दुर्ग लगातार भीषण गर्मी के बावजूद शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है। तेज धूप में घंटों ड्यूटी करने के बावजूद जवान पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस का मानवीय चेहरा समाज में भरोसा और सम्मान दोनों बढ़ाता है। दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा कर्तव्य पालन के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी बेहतर तरीके से निर्वहन किया जा रहा है।