नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर दी गई जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग का बताया तरीका

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाशगंगा मार्केट में पुलिस द्वारा जनमित्र कार्यक्रम आयोजित कर व्यापारियों, मजदूरों एवं वाहन चालकों को नशा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना था।

नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं थाना प्रभारी विजय यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में आकाशगंगा मार्केट क्षेत्र के सब्जी व्यापारियों, मजदूरों और वाहन चालकों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उससे दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग और बैंकिंग फ्रॉड जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। नशा संबंधी शिकायतों के लिए 1933 और यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना देने हेतु 1033 नंबर पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।

वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों से यह अपील भी की गई कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। आकाशगंगा मार्केट में आयोजित इस जनजागरूकता अभियान में सुपेला थाना पुलिस स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण में जनसहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

