देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, निगम आयुक्त का PA सेवा से बर्खास्त

दुर्ग। सोशल मीडिया पर वायरल व्हाट्सएप चैट में हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद नगर पालिक निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने प्लेसमेंट कर्मचारी गौतम साहू को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया है।

निगम प्रशासन के मुताबिक वायरल चैट स्क्रीनशॉट को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया गया। शिकायत मिलते ही निगम आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि किसी भी धर्म, आस्था और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही शासकीय कार्य में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
निर्देश के बाद संबंधित प्लेसमेंट कर्मचारी गौतम साहू को कार्यमुक्त करते हुए सेवा से पृथक कर दिया गया।

