अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश, दिल्ली से दो गिरफ्तार

करीब 9.70 लाख रुपये नकद, 5 आईफोन और 3 चेकबुक जब्त

अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश, दिल्ली से दो गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहे कोकीन तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो नाइजीरिया से संचालित नेटवर्क के जरिए छत्तीसगढ़ में ड्रग्स सप्लाई कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स और दिल्ली निवासी सन्नी शर्मा शामिल हैं। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। आरोपियों के पास से करीब 9.70 लाख रुपये नकद, 5 आईफोन और 3 चेकबुक जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कोकीन को बीपी मशीन के बॉक्स में छिपाकर कोरियर के माध्यम से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। पिछले छह महीनों में आरोपियों के बैंक खातों से करीब 2 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन भी सामने आया है, जिसे ड्रग्स तस्करी से जोड़ा जा रहा है।

इस मामले की शुरुआत 19 मार्च 2026 को देवेंद्र नगर इलाके में एक आरोपी की गिरफ्तारी से हुई थी, जिसके पास से 4.55 ग्राम कोकीन बरामद हुई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने नेटवर्क की परतें खोलते हुए दिल्ली के तिलक नगर में छापेमारी की और इस सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सरगना ‘चिची’ नाम का शख्स है, जो नाइजीरिया में बैठकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।