दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने चार बच्चों की हत्या कर हुई फरार

दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने चार बच्चों की हत्या कर हुई फरार

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने ही चार मासूम बच्चों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई।

यह घटना अकबरपुर क्षेत्र की है, जहां महिला अपने बच्चों के साथ रहती थी। शनिवार दोपहर वारदात को अंजाम दिया गया। जब पुलिस को सूचना मिली और टीम मौके पर पहुंची, तो घर अंदर से बंद मिला। पुलिस पहली मंजिल के रास्ते अंदर दाखिल हुई, जहां एक कमरे में चारों बच्चों के शव पड़े मिले। मृत बच्चों की पहचान शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान उर्फ सादिया (8) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का पति सऊदी अरब में नौकरी करता है और उसने वहां दूसरी शादी कर ली थी। पिछले चार साल से वह घर नहीं लौटा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

मामले में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि पारिवारिक तनाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह दूधवाला दरवाजा खटखटाकर चला गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में बच्चों से संपर्क न होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद यह भयावह मामला सामने आया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार महिला की तलाश जारी है।