1000 रुपये के विवाद में बुजुर्ग की मौत, आरोपी गिरफ्तार
भैंसा बिक्री के पैसे को लेकर शुरू हुआ झगड़ा बना जानलेवा, इलाज के दौरान हुई मौत

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 1000 रुपये के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। मृतक धारी उरांव, उम्र 63 साल, और आरोपी संजीत भगत, दोनों ग्राम देवसराकला के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले आरोपी ने मृतक का भैंसा 15,500 रुपये में बिकवाया था, जबकि मृतक उसे 16,500 रुपये में बेचना चाहता था।

इसी 1000 रुपये के अंतर को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहा। अक्सर शराब के नशे में मृतक, आरोपी पर पैसे हड़पने का आरोप लगाता था। घटना 6 फरवरी की रात की है। आरोपी अपने घर के बाहर खाना खा रहा था, तभी मृतक वहां पहुंचा और फिर से वही आरोप लगाने लगा। बात बढ़ी और गुस्से में आरोपी ने अपने हाथ में मौजूद थाली से वार कर दिया और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।

इस हमले में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने इलाज कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन पहले शंकरगढ़ और फिर बेहतर इलाज के लिए रायपुर लेकर पहुंचे। लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई और 21 फरवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पहले मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद अब 103(1) बीएनएस की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
