इंदिरा मार्केट में भीषण आगजनी, फुटवियर दुकान का सामान जलकर खाक, महापौर ने किया निरीक्षण

इंदिरा मार्केट में भीषण आगजनी, फुटवियर दुकान का सामान जलकर खाक, महापौर ने किया निरीक्षण

दुर्ग/ 30 मार्च/ नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा मार्केट स्थित रौपदार फुटवियर दुकान में बीती रात भीषण आगजनी की घटना सामने आई। आग लगने की सूचना मिलते ही महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान सभापति श्याम शर्मा,एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्रकार एवं नरेंद्र बंजारे,ज्ञानेश्वर ताम्रकार,शेखर चंद्राकर अरुण सिंह,मनमोहन शर्मा ने भी निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित उक्त दुकान में आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस भीषण आगजनी में दुकान का पूरा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया एवं स्थानीय लोगों एवं आसपास के व्यापारियों से चर्चा कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यवसायी के प्रति संवेदना व्यक्त की।

महापौर अलका बाघमार ने शहर के सभी दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में गर्मी का मौसम प्रारंभ हो चुका है, ऐसे में आगजनी की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों की विद्युत वायरिंग का समय-समय पर परीक्षण कराने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी मार्केट क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम द्वारा भी आवश्यक सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

सभापति श्याम शर्मा द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड एवं पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने रात में ही आग पर का पूरी तरफ काबू पा लिया गया था।

मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही थी। सभापति श्याम शर्मा ने कहा कि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सभापति श्याम शर्मा ने आगे कहा कि आगजनी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को विशेष रूप से बिजली की वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का ध्यान रखना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।