उड़ी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना ने पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया

जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। संयुक्त अभियान के दौरान एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया गया।

यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन DIGGI-2’ के तहत नियंत्रण रेखा के पास बुछार इलाके में की गई। सुरक्षा एजेंसियों को पहले से खुफिया इनपुट मिला था कि इस क्षेत्र से घुसपैठ की कोशिश हो सकती है। इसी सूचना के आधार पर 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात सेना और पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

अभियान के दौरान घने जंगल में जवानों को एक संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध को रुकने के लिए कहा। चुनौती दिए जाने पर आतंकवादी ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही मार गिराया। मारे गए आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। बरामद सामग्री में एक एके राइफल, पिस्तौल और कई कारतूस शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी किसी बड़े हमले की योजना से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरत रहे हैं।