दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध स्क्रैप कारोबार पर छापा, 60 टन लोहे का कबाड़ और कई वाहन जब्त, 9 लाेगों पर कार्रवाई

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध स्क्रैप कारोबार पर छापा, 60 टन लोहे का कबाड़ और कई वाहन जब्त, 9 लाेगों पर कार्रवाई

भिलाई। दुर्ग जिले में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त पुलिस टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध कबाड़ और कई वाहनों को जब्त किया है। इसम मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों पर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध स्क्रैप कारोबार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एसीसीयू क्राइम ब्रांच दुर्ग और थाना जामुल, सुपेला तथा कुम्हारी पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन कर कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान थाना जामुल क्षेत्र में संचालित एक परिसर में बड़े पैमाने पर लोहे के कबाड़ को जमा कर काटकर बेचने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पाइप, चैनल, दरवाजे, रॉड और बड़े लोहे के कल-पुर्जे बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से करीब 200 किलोग्राम तांबा, गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में यह तांबा तारों को जलाकर निकाला गया प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से स्क्रैप के संबंध में वैध खरीद-फरोख्त के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका। इसके बाद संदेहास्पद संपत्ति मानते हुए सामग्री को जब्त कर लिया गया।

इसके साथ ही जिले के अन्य कबाड़खानों में भी जांच की गई, जहां से भी बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पुराने दोपहिया वाहन और धातु कटिंग उपकरण बरामद किए गए। संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल मिलाकर लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तीन ट्रक और तीन छोटा हाथी वाहन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण पुलिस ने इसे बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने नौ लोगों को चिन्हित किया है, जिनमें हीरामन साहू, राकेश मिश्रा, समरुद्दीन, राधिका साहू, सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान, मनोज उर्फ मन्नू गुप्ता, श्रवण कुमार देवांगन, अजमत हुसैन और धीरज चंद्राकर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अवैध रूप से स्क्रैप का संग्रहण कर उसे काटकर बेचने का कारोबार लंबे समय से संचालित होने की आशंका है। पूरे मामले की जांच जारी है और आगे भी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपीगण

1. हीरामन साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी आर्य नगर कोका, थाना सुपेला

2. राकेश मिश्रा, उम्र 29 वर्ष, निवासी कोका रोड सुपेला

3. समरुद्दीन, उम्र 32 वर्ष, निवासी कैलाश नगर कुम्हारी

4. श्रीमती राधिका साहू, उम्र 53 वर्ष, निवासी दक्षिण गंगोत्री सुपेला

5. सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान, उम्र 40 वर्ष, निवासी दक्षिण गंगोत्री सुपेला

6. मनोज उर्फ मन्नू गुप्ता, उम्र 39 वर्ष, निवासी महात्मा गांधी नगर पावर हाउस रोड भिलाई, थाना छावनी

7. श्रवण कुमार देवांगन, उम्र 55 वर्ष, निवासी कृष्ण नगर सुपेला

8. अजमत हुसैन, उम्र 48 वर्ष, निवासी सेक्टर गुरुद्वारा के पास सुपेला

9. धीरज चंद्राकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी लोहार पारा सुपेला

जब्त सामग्री :

1. लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप

2. लगभग 200 किलोग्राम तांबा

3. गैस कटर सेट एवं गैस सिलेंडर

4. ट्रक क्रमांक CG 04 LH 2242

5. ट्रक क्रमांक CG 04 JB 4393


6. ट्रक क्रमांक CG 04 ZG 5615


7. छोटा हाथी क्रमांक CG 07 CU 8086


8. छोटा हाथी क्रमांक CG 07 CJ 9056


9. छोटा हाथी क्रमांक CG 07 BJ 2613


10. बड़ी मात्रा में पुराने दोपहिया वाहन एवं धातु कटिंग उपकरण
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में ACCU क्राइम ब्रांच दुर्ग एवं थाना जामुल, थाना सुपेला तथा थाना कुम्हारी की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।