5 साल से फरार लूटकांड का आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, पुलिस ने दिखाई तकनीकी दक्षता

5 साल से फरार लूटकांड का आरोपी मुंबई से गिरफ्तार, पुलिस ने दिखाई तकनीकी दक्षता

बलरामपुर। साल 2020 में थाना शंकरगढ़ क्षेत्र में हुई लूटकांड के एक फरार आरोपी को पुलिस ने 5 साल बाद मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी पहचान छिपाकर मुंबई में रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी और मानव स्रोतों की मदद से आरोपी संजय कुमार मिश्रा पिता बैजनाथ मिश्रा, उम्र 38 वर्ष, निवासी इटवारी, थाना जवा, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

 जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में ग्राम शंकरगढ़ के निवासी आनंदेश्वर सिंह अवयवाल ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि 10 दिसंबर 2020 को पूजा-पाठ के नाम पर बाबा संजय शर्मा उर्फ संजय मिश्रा, आरोपी आंशुल सिंह और अन्य लोगों ने उनके घर बुलाया था। घर में पूजा के दौरान सोने-चांदी के आभूषण और नकदी करीब एक लाख इकहत्तर हजार रुपये से भरी थाली रखवाई गई थी। पूजा खत्म होने के बाद बाबा ने कहा कि पूजा सामग्री का विसर्जन नदी में करना होगा और सभी को साथ चलने को कहा।

विसर्जन के बहाने बाबा और उनके साथी पीड़ित से सोना-चांदी और नकदी लेकर भाग गए। जब पीड़ित ने फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में आरोपी आंशुल सिंह को 2020 में ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था, जबकि मुख्य आरोपी संजय मिश्रा फरार था।

पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी और अंततः तकनीकी साक्ष्य के आधार पर मुंबई से गिरफ्तार कर बलरामपुर लाया गया। आरोपी को न्यायालय राजपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शंकरगढ़ विजेन्द्र जायसवाल, सजग रूपेल तिर्की, आरक्षक अशोक गोयल और आरक्षक सुखलाल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।