हिमाचल में बादल फटा, मंडी में तबाही! 3 की मौत, सड़कें बंद, कई वाहन बह गए

हिमाचल में बादल फटा, मंडी में तबाही! 3 की मौत, सड़कें बंद, कई वाहन बह गए

मंडी (हिमाचल प्रदेश)। मंगलवार तड़के हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने से भीषण तबाही मच गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर कई जगह भूस्खलन होने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। जेल रोड, पैलेस कॉलोनी, जोनल अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।

पुलिस नियंत्रण कक्ष मंडी से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें एक महिला का शव मलबे में दबी गाड़ियों के बीच से निकाला गया है। एक महिला अभी भी लापता बताई जा रही है। दर्जनों वाहन या तो मलबे में दब गए हैं या पानी के तेज बहाव में बह चुके हैं। बचाव कार्य जोरों पर जारी है। पुलिस, NDRF और स्थानीय प्रशासन ने जेल रोड में बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया है। नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट, कमिश्नर रोहित राठौर सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।

भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है। धर्मपुर लोनिवि मंडल कार्यालय और अधीक्षण अभियंता कार्यालय के ऊपर भारी मलबा गिरा है, जिससे कई वाहन दबने की आशंका जताई जा रही है। ब्यास, सुकेती और सकोड़ी खड्ड उफान पर हैं, जिससे आसपास के घरों के लोग डरे हुए हैं और कई ने घर खाली कर दिए हैं। रातभर मंडी में लोगों ने डर के साए में समय बिताया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले स्थानों पर जाएं और अफवाहों से बचें। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।