सुपेला चौक से चंद्रा मौर्य चौक तक अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, निगम और ट्रैफिक पुलिस ने चलाया अभियान

सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों से यातायात हो रहा था प्रभावित, वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने की समझाइश

सुपेला चौक से चंद्रा मौर्य चौक तक अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, निगम और ट्रैफिक पुलिस ने चलाया अभियान

भिलाईनगर। शहर की प्रमुख सड़कों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नगर निगम और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सुपेला चौक से चंद्रा मौर्य चौक तक सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों और अव्यवस्थित पार्किंग की जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में जोन क्रमांक-1 नेहरू नगर के राजस्व विभाग और यातायात पुलिस की टीम शामिल रही। मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे और आवागमन वाले स्थानों पर खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।

निगम प्रशासन के अनुसार, व्यस्त मार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग से राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। इससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संयुक्त टीम ने सड़क पर खड़े वाहनों की जांच की और वाहन चालकों को सड़क पर आवागमन बाधित नहीं करने की समझाइश दी। निगम प्रशासन का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है। इसके लिए नगर निगम और यातायात पुलिस समन्वय के साथ कार्रवाई कर रहे हैं। निगम प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और आवागमन वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि यातायात सुचारू रहे और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।