बीआरपी चौक में चाकू-चापड़ लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

नेवई पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा, धारदार चाकू और लोहे का चापड़ जब्त

बीआरपी चौक में चाकू-चापड़ लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। थाना नेवई क्षेत्र के बीआरपी चौक, स्टेशन मरोदा में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक धारदार लंबा चाकू और एक लोहे का धारदार चापड़ बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक 29 सितंबर को नेवई पुलिस की टीम टाउन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीआरपी चौक स्टेशन मरोदा में दो व्यक्ति धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर उन्हें लहरा रहे हैं। इससे वहां मौजूद लोग भयभीत होकर इधर-उधर भाग रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को हथियारों समेत पकड़ लिया। तलाशी के दौरान महेश यादव उर्फ बॉबी के कब्जे से एक धारदार लंबा चाकू और सूर्यकांत निषाद उर्फ बाबा के पास से लोहे का धारदार चापड़ बरामद हुआ।

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस के अनुसार दोनों से हथियार रखने के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों हथियारों को पंचनामा तैयार कर विधिवत जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 644/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय दुर्ग में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

ये आरोपी गिरफ्तार

  • महेश यादव उर्फ बॉबी, उम्र 27 वर्ष, निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा
  • सूर्यकांत निषाद उर्फ बाबा, उम्र 20 वर्ष, निवासी सुंदर नगर, मौहारी मरोदा