पावर हाउस जवाहर मार्केट में पारख ज्वेलर्स के स्टोर में लगी आग, लाखों के नुकसान की आशंका
रात 3:21 बजे मचा हड़कंप! पारख ज्वेलर्स के स्टोर में भड़की आग, दमकल ने ऐसे पाया काबू

भिलाई। पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब पारख ज्वेलर्स के स्टोर में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 3:21 बजे की है। आग की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन को घटनास्थल पर भेजा गया। टीम के पहुंचने तक आग दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। आग बुझाने में एक दमकल वाहन के पानी का उपयोग हुआ। घटना में दुकान के सामान और अन्य सामग्री के जलने से कई लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित दुकान संचालक द्वारा किया जाना बाकी है।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के दौरान जवाहर मार्केट की संकरी और व्यस्त गलियों के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में भी कर्मचारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर पहुंची अग्निशमन टीम ने आग को नियंत्रित कर एक बड़ी घटना को टाल दिया।
कार्रवाई में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारी रामनाथ कुरे, जितेन्द्र वर्मा और हरीश शामिल रहे।
