जुआ खिलाने वाले पर धमतरी पुलिस की सख्ती, आरोपी जेल भेजा गया
जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाने की शिकायत की जांच में पुष्टि, विवाद और अशांति की आशंका पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

धमतरी। जिले में जुआ और अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर थाना मगरलोड पुलिस ने जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाने की शिकायत पर एक आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना मगरलोड क्षेत्र में लगातार जुआ खिलाए जाने की शिकायत मिल रही थी। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि अनीश मोहम्मद पिता नूर मोहम्मद, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खिसोरा, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी द्वारा ग्राम हसदा, चंदना, बुडेनी और गरियाबंद सीमा क्षेत्र के आसपास स्थान बदल-बदलकर जुआरियों को एकत्रित कर जुआ खिलाने की शिकायत की पुष्टि हुई।
शिकायतकर्ताओं से विवाद की स्थिति
जांच के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ताओं के प्रति आक्रोशित होकर धमकी देने और विवाद की स्थिति उत्पन्न करने की बात भी सामने आई। पुलिस ने संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 126(बी) और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला बदर आरोपी के निर्देश पर जुआ संचालन का आरोप
पुलिस जांच में गवाहों के कथनों के आधार पर यह भी तथ्य सामने आने की बात कही गई है कि अनीश मोहम्मद, जिला बदर किए गए आशुतोष उर्फ छोटू भांदुलकर, पिता धारूराव भांदुलकर, निवासी नयापारा के लिए कार्य करता था। पुलिस के मुताबिक वह आशुतोष उर्फ छोटू भांदुलकर के निर्देश अथवा प्रभाव में जुआ गतिविधियों के संचालन में संलिप्त था।
जुआ गतिविधियों पर पुलिस की नजर
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ खिलाने, जुआ संचालित करने और अवैधानिक गतिविधियों के जरिए क्षेत्र में अशांति या विवाद की स्थिति पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
