दो बाइक में भरकर ले जा रहे थे अवैध शराब, पुलिस ने दबोचे 4 आरोपी

373 पौवा देशी शराब जब्त, परिवहन में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी कब्जे में; कुल 1.33 लाख रुपये का मशरूका बरामद

दो बाइक में भरकर ले जा रहे थे अवैध शराब, पुलिस ने दबोचे 4 आरोपी

धमतरी। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों से अवैध देशी शराब का परिवहन करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 373 पौवा देशी शराब बरामद हुई। शराब परिवहन में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 1 लाख 33 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

हटकेशर से रत्नाबांधा की ओर जा रहे थे

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों में बोरी के भीतर अवैध शराब भरकर कुछ लोग हटकेशर शराब भट्ठी की ओर से रत्नाबांधा की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने रत्नाबांधा-हटकेशर शराब भट्ठी रोड के पास घेराबंदी की और दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली।

68 लीटर से ज्यादा शराब बरामद

तलाशी के दौरान भानुप्रताप ध्रुव के कब्जे से 100 नग देशी प्लेन और 85 नग देशी मसाला शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 33.84 बल्क लीटर और कीमत 16,500 रुपये बताई गई है।

वहीं हेमन्त ग्वाल के कब्जे से 85 नग देशी प्लेन और 103 नग देशी मसाला शराब मिली। इसकी कुल मात्रा 33.30 बल्क लीटर और कीमत 17,100 रुपये है।

दो बाइक भी जब्त

शराब परिवहन में इस्तेमाल Honda Shine मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AC 4065 और CG 05 AE 7918 को भी पुलिस ने जब्त किया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत 50-50 हजार रुपये बताई गई है।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में महेश लछवानी (35) पिता बसंत लछवानी, निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड, हाल धरम नगर कॉलोनी अर्जुनी, भानुप्रताप ध्रुव (20) पिता सीताराम ध्रुव, निवासी सांकरा वार्ड क्रमांक 04, मनीष जोशी (48) पिता स्व. द्वारिका दास जोशी, निवासी लालबगीचा, हनुमान मंदिर के पास और हेमन्त ग्वाल (34) पिता मणी ग्वाल, निवासी सुभाष नगर, खम्भनबाड़ी, धमतरी को गिरफ्तार किया है।

चारों के खिलाफ सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 205/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अवैध शराब पर सख्ती जारी

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।