दलदल में फंसा ट्रैक्टर, पलटने से चालक की दर्दनाक मौत; कीचड़ में दबा रहा शव

दलदल में फंसा ट्रैक्टर, पलटने से चालक की दर्दनाक मौत; कीचड़ में दबा रहा शव

गरियाबंद। जिले में बारिश के बीच खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दलदल में ट्रैक्टर का चक्का फंसने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान अमाड़ गांव निवासी महेश्वर नागेश के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, महेश्वर रविवार को ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गया था। बारिश के कारण खेत में पानी भरने के साथ मिट्टी काफी नरम और दलदली हो गई थी। जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर का एक चक्का दलदल में धंस गया। चक्का फंसते ही ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया। इस दौरान चालक महेश्वर नागेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। बताया जा रहा है कि महेश्वर काफी देर तक कीचड़ में ट्रैक्टर के नीचे दबा रहा। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बारिश में खेतों में बढ़ा हादसे का खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे से करीब एक घंटे पहले ही ट्रैक्टर पलटा था। बारिश के कारण खेत में बनी दलदल और नरम मिट्टी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बारिश के मौसम में खेतों में पानी भरने से ट्रैक्टर चलाना जोखिम भरा हो जाता है और संतुलन बिगड़ने पर ऐसे हादसे हो सकते हैं। महेश्वर नागेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।