10 घंटे में खुली ज्वेलरी चोरी की गुत्थी, नाबालिग समेत गिरोह का पर्दाफाश

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी वंश कुमार मुरपानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी लोधीपारा रोड शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स दुकान में चोरी हो गई है। उन्होंने बताया कि 9 मई की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। 11 मई की सुबह दुकान पहुंचने पर शटर के दोनों ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और 50 से अधिक पुराने चोरी व नकबजनी के आरोपियों की तस्दीक की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घटना के 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र में एक ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शहर की अन्य बड़ी चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
