म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, दुर्ग पुलिस ने 10 आरोपियों को दबोचा

म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, दुर्ग पुलिस ने 10 आरोपियों को दबोचा

दुर्ग। साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहन नगर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी करने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खातों में देशभर से करीब 86 लाख रुपये से ज्यादा की अवैध रकम ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से प्राप्त सूचना के आधार पर कर्नाटक बैंक की स्टेशन रोड स्थित शाखा में संचालित 111 बैंक खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर और निकालने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्यों के आधार पर खाताधारकों की पहचान कर 10 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पर्याप्त सबूत मिलने पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ के लिए अपने बैंक खातों को साइबर ठगी में उपयोग करने के लिए उपलब्ध कराते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में मधु साहू, ज्योति गौतम, फरहद खान, भूपेश गोहिल, अजय कुमार उर्फ मोनू, मसीर आलम, नवीन भागवत, भूपेंद्र कुमार टंडन, संतोष बिसाई और हीरा सिंह शामिल हैं। आरोपियों के पास से बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं।