विवाहिता की संदिग्ध मौत: क्राइम सीन से छेड़छाड़ के आरोप, हत्या की आशंका

रायपुर। गुढियारी थाना क्षेत्र के आंबेडकर चौक स्थित एक घर में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद डायल 112 के माध्यम से एंबुलेंस को बुलाया गया था। एंबुलेंस स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मृतका के पति का दावा है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन घटनास्थल को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मृतका के पति पर पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही क्राइम सीन बदलने का आरोप है। वहीं, मृतका के परिजनों को पहले यह जानकारी दी गई कि महिला को पेट दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाद में उनकी मौत की सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि पिंकी गुप्ता पिछले 22 वर्षों से संतानहीन थीं, जिसके चलते ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

स्थानीय लोगों और पड़ोसियों का कहना है कि घर में लंबे समय से तनाव की स्थिति थी, जो इस घटना की एक बड़ी वजह हो सकती है। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अब तक न तो क्राइम सीन को सील किया गया है और न ही एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के समय पुलिस द्वारा उचित नियंत्रण और सुरक्षा नहीं रखी गई, जिससे मामले में अनियमितताओं की आशंका बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस संदिग्ध मौत की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
