पुरानी रंजिश में युवक पर धारदार हथियार से हमला, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 14 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। प्रार्थी सलमान उद्दीन कृष्णा नगर फरीद मोहल्ला स्थित राजा सोनी के घर के पास निर्माणाधीन मकान के पास खड़ा था। इसी दौरान हड्डी गोदाम क्षेत्र का रहने वाला आरिफ कुरैशी वहां पहुंचा और पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार हथियार से सलमान उद्दीन पर हमला कर दिया। हमले में युवक के दाहिने गाल और बाएं सीने में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद राज सोनी और शंभू तांडी ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर सुपेला थाना में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आरिफ कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जप्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।