दुर्ग में ट्रैफिक सख्ती का असर: दो माह में 8988 चालान, हादसों में मौत 77 से घटकर 50

दुर्ग में ट्रैफिक सख्ती का असर: दो माह में 8988 चालान, हादसों में मौत 77 से घटकर 50

दुर्ग। सड़क पर नियम तोड़ना अब भारी पड़ रहा है। दुर्ग यातायात पुलिस ने साल 2026 की शुरुआत से ही सख्त अभियान चलाया है, और उसके नतीजे सामने आने लगे हैं।

जनवरी और फरवरी 2026 में कुल 8988 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। जनवरी में 3734 और फरवरी में 5254 प्रकरण दर्ज हुए। कार्रवाई मुख्य रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई।

अब ज़रा तुलना समझिए। साल 2025 में जनवरी और फरवरी मिलाकर सिर्फ 2692 मामलों में कार्रवाई हुई थी। यानी इस बार प्रवर्तन कई गुना ज्यादा सख्त रहा।

सख्ती का असर दुर्घटना के आंकड़ों में भी दिख रहा है। साल 2025 में इन दो महीनों में 77 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 2026 में यह संख्या घटकर 50 रह गई। जनवरी में 35 और फरवरी में 15 मौत दर्ज हुईं।

यातायात पुलिस का कहना है कि चिन्हांकित चौक-चौराहों पर दिन और रात दोनों समय चेकिंग जारी है। मोटरयान अधिनियम के तहत नियम तोड़ने वालों पर सीधे कार्रवाई की जा रही है।