12 फरवरी की हड़ताल से बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने बनाई दूरी, वेज कोड के समर्थन में BSP प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

12 फरवरी की हड़ताल से बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने बनाई दूरी, वेज कोड के समर्थन में BSP प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

भिलाई। 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र में स्थिति साफ होती नजर आ रही है। बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने हड़ताल में शामिल न होने की घोषणा करते हुए नए वेज कोड के समर्थन में प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा है।

यूनियन अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता ने कहा कि नया वेज कोड श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर नहीं करता, बल्कि उन्हें अधिक स्पष्ट और सशक्त बनाता है। उनके मुताबिक पहले श्रम कानून जटिल थे, जिन्हें अब चार कोड में समाहित किया गया है। इससे श्रमिकों को अपने अधिकार समझने और लागू कराने में आसानी होगी। उन्होंने दावा किया कि वेज कोड लागू होने के बाद भिलाई स्टील प्लांट समेत केंद्र सरकार के उपक्रमों में केंद्रीय वेतनमान लागू होगा, जिससे कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। सुपरवाइजर और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे कई ग्रेड, जो पहले लेबर श्रेणी में नहीं आते थे, अब लेबर कोर्ट के दायरे में आएंगे और कानूनी रूप से अपनी मांग रख सकेंगे। ठेका श्रमिकों के मुद्दे पर भी यूनियन ने इसे अहम बदलाव बताया। कहा गया कि कम वेतन की स्थिति में अब सीधे मामला दर्ज हो सकेगा और जिम्मेदारी तय होगी। ग्रेच्युटी नियमों में बदलाव के तहत प्रत्येक एक वर्ष की सेवा पर ग्रेच्युटी का अधिकार भी सुनिश्चित होगा।

महिलाओं की नाइट ड्यूटी को लेकर यूनियन ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित प्राधिकरण की रहेगी। श्रमिक दुर्घटना की स्थिति में ऑपरेटिंग अथॉरिटी को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा। इस निर्णय के समर्थन में बीएसपी वर्कर्स यूनियन के ठेका प्रकोष्ठ और युवा प्रकोष्ठ सहित एचसीएल कर्मचारी यूनियन, एफएसएनएल कर्मचारी यूनियन, सेल रिफ्रैक्ट्री वर्कर्स यूनियन और छत्तीसगढ़ सीमेंट एंड खदान कर्मचारी यूनियन ने भी 12 फरवरी की हड़ताल में शामिल न होने का ऐलान किया है। यूनियन ने श्रमिकों से अपील की है कि वे 12 फरवरी को नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहें और उत्पादन कार्य जारी रखें। ज्ञापन स्वीकार करने के दौरान प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक कार्मिक प्रभारी जे.एन. ठाकुर, उप महाप्रबंधक विकास चंद्रा और आईआर प्रभारी प्रियंका मीना उपस्थित रहीं। वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता, कार्यकारी महासचिव शिवबहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सैकड़ों नियमित व ठेका श्रमिक मौजूद रहे।