लोहे के हथौड़े से पशु की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। थाना छावनी पुलिस ने पशु क्रूरता और मारपीट के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला थाना छावनी क्षेत्र के जलेबी चौक के पास सुंदर नगर नाला क्षेत्र का है, जहां एक घरेलू पशु के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी जान ले ली गई।

पुलिस के अनुसार 05 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति द्वारा घरेलू पशु के साथ क्रूरता करते हुए लोहे के हथौड़े से हमला किया गया है, जिससे पशु की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही थाना छावनी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 325(3) बीएनएस एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान बाबूराव उर्फ पण्डू, उम्र 55 वर्ष, निवासी थाना छावनी क्षेत्र, जिला दुर्ग के रूप में की गई। पुलिस ने दिनांक 06 फरवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का हथौड़ा भी जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
