राशनकार्ड धारियों के लिए जरूरी खबर, वन नेशन वन राशनकार्ड के लिए 28 फरवरी तक कराए ई-केवाईसी

दुर्ग। भारत सरकार, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा दिये गये निर्देशानुसार जिले में ’एक राष्ट्र एक राशनकार्ड’ (वन नेशन वन राशनकार्ड) योजनांतर्गत सभी हितग्राहियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न वितरण किया जाना है। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 4,96,354 राशनकार्ड प्रचलित हैं। इन राशनकार्डों में 16,86,164 सदस्य पंजीकृत हैं।

इन सदस्यों में 14,86,690 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण हो गया है। वहीं 1,99,474 लाख सदस्यों का ई-केवाईसी शेष है। भारत सरकार द्वारा 5 वर्ष से कम उम्र के सदस्यों को ई-केवाईसी में छूट दिया गया है।

खाद्य नियंत्रक से मिली जानकारी अनुसार सभी उचित मूल्य दुकानों में संचालित ई-पॉस मशीन में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा जारी ’मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से भी ई-केवाईसी की जा सकती है। मेरा ई-केवाईसी एप के माध्यम से ई-केवाईसी करने हेतु एन्ड्रायड मोबाईल में गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर हितग्राही राज्य का चयन कर अपना आधार नम्बर डालकर, आधार ओटीपी के माध्यम से फेस ई-केवाईसी कर सकते हैं। सभी राशनकार्डधारकों से अपील की गई है कि वे अपने राशनकार्ड में सम्मिलित ऐसे सदस्यों जिनका ई-केवाईसी अपूर्ण है, उनका ई-केवाईसी समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान/ मेरा ई-केवाईसी एप के माध्यम से 28 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं।
बता दें कि पिछले महीने तक ई-केवाईसी नहीं कराने के कारण उनके कोटा का राशन कम आया था। यह प्रकिया नहीं कराने पर आगे परेशानी हो सकती है।