शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन गिरफ्तार

वीडियो वायरल करने और नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी देने का मामला, तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन गिरफ्तार

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शिक्षक को धमकाकर रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में पस्ता पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर एक शिक्षक से अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये मांगने, रुपये नहीं देने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने और नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी देने का आरोप है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने इस संबंध में थाना पस्ता में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रुपये नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी गई। आरोप है कि यूट्यूबर दीपक यादव ने अन्य आरोपियों के सहयोग से वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इससे शिक्षक की व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि प्रभावित हुई।

शिकायत के आधार पर पस्ता थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव भी जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. .यूट्यूबर दीपक यादव, पिता स्व. हीरालाल यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.)।
02. श्रवण यादव, पिता राधाकिशुन यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.)।
03. सूर्या यादव, पिता स्व. अजय यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 04, बलरामपुर, थाना बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.)।