बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह समेत दो गिरफ्तार, 7 दिन की पुलिस रिमांड पर

बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह समेत दो गिरफ्तार, 7 दिन की पुलिस रिमांड पर

BSP से 250 टन लोहा चोरी का खुलासा, इस देखें वीडियो

https://youtu.be/XxQusC8deNI?si=rSrRFqUITIssE-OH

 भिलाई। बीएसपी स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रकरण के मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। वहीं विवेचना के दौरान मामले में संलिप्तता पाए जाने पर एक अन्य आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

 पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज, भिलाई में जांच की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग लोड होना पाया गया।  मौके पर भारी मात्रा में स्क्रैप सामग्री का अवैध भंडारण भी मिला। जांच में यह सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।  कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये है, जब्त की थी। इसके अलावा परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन एवं मशीनरी सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी।  

इस मामले में पुलिस पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। मुख्य आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वह उत्तर प्रदेश में छिपकर रह रहा है। विशेष टीम ने देवरिया पहुंचकर उसके ठिकाने पर दबिश दी और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर दुर्ग लाया।  वहीं जांच के दौरान पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा की भी स्क्रैप चोरी प्रकरण में भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया।  पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप के अवैध संग्रहण और उससे आर्थिक लाभ अर्जित करने के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

आरोपी का नाम :

1. संजय सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
2. पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा, उम्र 48 वर्ष, निवासी सड़क नंबर 26, सेक्टर-05, भिलाई।