आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। उतई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट मैच में हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना उतई क्षेत्र के ग्राम ढोर में राजस्थान बनाम पंजाब आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान दो युवक मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालित करते पाए गए। वे लोगों से संपर्क कर मैच में पैसे का दांव लगवा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन ग्रुप बनाकर सट्टा संचालन करना स्वीकार किया है। पुलिस अब सट्टा खेलने वाले अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

मामले में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आरोपी का नाम :
1. अविनाश मिश्रा
2. लोकेश सोनबोई
▪️ जप्त सामग्री :
1. 04 नग मोबाइल फोन, 2 नग सट्टा पर्ची
2. नगदी रकम600 रुपये
कुल जुमला –64,600/- रुपये

