सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, CCTV से पहचान, 4,500 रुपये बरामद

दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला आशा नगर क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी अमरजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 के बीच अज्ञात आरोपी ने उनके खाली मकान में घुसकर हीरे, सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान की गई। 17 मार्च 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी रविन्द्र पाल गौतम उर्फ राहुल सागर, निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी के आभूषण बेचकर मिली 4,500 रुपये की रकम भी बरामद की गई है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

