हर ग्राम में बनेगा महतारी सदन, महिलाओं को मिलेगा मंच: ललित चंद्राकर

दुर्ग। ग्राम खांडा में एकीकृत बाल विकास परियोजना, दुर्ग ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित महिला जागृति शिविर में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर शामिल हुए। विधायक ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं अन्नप्राशन संस्कार के तहत छोटे बच्चों का मुंह मीठा कराया गया। गोदभराई रस्म के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई। शिविर में पारंपरिक खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उन्हें पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हों: चंद्राकर
अपने संबोधन में विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और बाल विकास समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिला जागृति शिविर के आयोजन के लिए एकीकृत बाल विकास परियोजना, दुर्ग ग्रामीण को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।

विधायक ने कहा कि विष्णु देव साय सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रत्येक माह 1000 रुपए दिए जा रहे हैं, ताकि वे अपने परिवार के पालन-पोषण में सहयोग कर सकें।
उन्होंने बताया कि सरकार उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है, जिससे महिलाओं को स्वच्छ ईंधन मिलेगा और स्वास्थ्य में सुधार होगा। साथ ही प्रत्येक ग्राम में महतारी सदन का निर्माण किया जा रहा है, जहां महिलाएं अपने समूहों का संचालन कर सकेंगी और उन्हें संगठित मंच मिलेगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम घर
विधायक चंद्राकर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला आर्थिक रूप से स्वतंत्र बने। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं के नाम पर आवास स्वीकृत कर घर दिए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिलेगी।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर बेटी शिक्षित हो, आत्मनिर्भर बने और उसे समान अवसर मिले।
कार्यक्रम में दुर्ग जनपद पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, जनपद सदस्य यामिनी साहू, सरपंच नंदकुमार साहू, उपसरपंच लीलाधर साहू, परियोजना अधिकारी उषा झा, पर्यवेक्षक रेखा लोनारे, प्रमिला वर्मा, शशि रैदास, चंद्रकाल वर्मा, सोनल सोनी, श्रीमती गीतांजलि तृप्ति शर्मा, ममता साहू सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
