क्रिकेट सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई जारी, फरार आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल गिरफ्तार

असरफ नगर ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में 13वीं गिरफ्तारी, आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त

क्रिकेट सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई जारी, फरार आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल गिरफ्तार

दुर्ग। असरफ नगर, तकियापारा में क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली दुर्ग और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने उमेश भगत उर्फ अंकल, निवासी प्रगति नगर रिसाली को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

22 फरवरी को हुई थी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक 22 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन रुपये-पैसे का दांव लगाकर सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी थी।

कार्रवाई के दौरान सोहेल अहमद खान और संतोष कुमार गोंड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने और हार-जीत पर रुपये-पैसे का दांव लगाने की जानकारी सामने आई।

2.70 लाख की सामग्री हुई थी जब्त

पुलिस ने मौके से सट्टा संचालन में इस्तेमाल किए जा रहे एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, चार मोबाइल चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई उपकरण, कॉपी, डाटपेन और 5 हजार रुपये नकद जब्त किए थे। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 70 हजार 500 रुपये बताई गई थी।

मामले में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 और धारा 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

फरार आरोपियों पर पुलिस की नजर

विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेन्द्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी, संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव और जुनैद रज्जा समेत अन्य आरोपी शामिल हैं।

इसी दौरान उमेश भगत उर्फ अंकल फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। सूचना मिलने पर टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अपराध में संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी निशानदेही और कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को 27 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

ऐसे चलाया जा रहा था ऑनलाइन सट्टा

पुलिस के अनुसार आरोपी क्रिकेट मैच के दौरान हार-जीत पर रुपये-पैसे का दांव लगवाते थे। मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जाता था। सट्टे से जुड़े दांव और लेनदेन की जानकारी भी दर्ज की जाती थी।

घटना स्थल: असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र

गिरफ्तार आरोपी: उमेश भगत उर्फ अंकल, निवासी प्रगति नगर, रिसाली

जब्ती: घटना में प्रयुक्त 1 मोबाइल फोन