देवार बस्ती में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 किलो गांजा, 62 पौआ शराब और 2 तलवार बरामद

खुर्सीपार पुलिस का विशेष सघन तलाशी अभियान, खंडहर भवन, कबाड़ के बोरे और शौचालयों में छिपाकर रखा गया था नशे का सामान

देवार बस्ती में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 किलो गांजा, 62 पौआ शराब और 2 तलवार बरामद

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत बुधवार को थाना खुर्सीपार क्षेत्र के देवार पारा में विशेष सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 10 से 12 किलोग्राम गांजा, 62 पौआ शराब, गांजा पैकिंग सामग्री और 2 तलवार समेत अन्य धारदार हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि देवार बस्ती में अवैध रूप से गांजा बेचने का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक छावनी और थाना प्रभारी खुर्सीपार के नेतृत्व में करीब 50 पुलिस जवानों की टीम ने क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बस्ती के घरों के अलावा खंडहर भवनों, कबाड़ के बोरों, मकानों की छतों और शौचालयों की भी जांच की गई। इस दौरान पुलिस को छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा, गांजा की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक रैपर, देसी शराब और धारदार हथियार मिले।

पुलिस ने मौके से 18 पौआ देसी मसाला शराब और 44 पौआ गोल्डन गोवा शराब समेत कुल 62 पौआ शराब जब्त की है। इसके अलावा गांजा की पैकिंग में उपयोग होने वाले प्लास्टिक रैपर के कई पैकेट भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बरामद गांजे के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं शराब के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा और शराब किसके द्वारा लाकर छिपाई गई थी। अभियान के दौरान कुछ बिना नंबर की संदिग्ध दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिनकी वैधानिक जांच की जा रही है।