महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस का विशेष पिंक पेट्रोलिंग अभियान

दुर्ग पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जिलेभर में पिंक पेट्रोलिंग अभियान चलाया। मैत्री गार्डन, सुपेला संडे मार्केट और सिविक सेंटर सहित विभिन्न स्थानों पर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, पॉक्सो कानून और हेल्पलाइन सेवाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस का विशेष पिंक पेट्रोलिंग अभियान

भिलाई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष "पिंक पेट्रोलिंग अभियान" चलाया। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, छात्राओं और बच्चों से सीधा संवाद किया गया तथा उन्हें सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

दुर्ग पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें पुलिस सहायता तंत्र से जोड़ना तथा सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न शहरी थाना क्षेत्रों में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों, महिला उप निरीक्षकों और पिंक पेट्रोलिंग टीम ने विशेष गश्त की।

अभियान के दौरान मैत्री गार्डन, संडे मार्केट सुपेला, महमरा एनीकट, ट्रैफिक पार्क सिविक सेंटर भिलाई नगर सहित कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बच्चों से मुलाकात कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में डायल-112 और महिला हेल्पलाइन-1091 के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अभिव्यक्ति ऐप के बारे में भी जानकारी दी और उसे डाउनलोड कर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। इसके अलावा पॉक्सो अधिनियम, महिला सुरक्षा कानूनों और साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और महिलाओं को सलाह दी कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, ब्लैकमेलिंग या फर्जी प्रोफाइल की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पिंक पेट्रोलिंग टीम ने बच्चों और किशोरों को भी जागरूक किया। सार्वजनिक स्थलों पर नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर उन्हें रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही उनके अभिभावकों को समझाइश दी गई कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। सुरक्षित वातावरण के निर्माण के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पिंक पेट्रोलिंग अभियान के माध्यम से लोगों के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत किया जा रहा है।

अभियान में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप, विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला उप निरीक्षक, पिंक पेट्रोलिंग टीम, संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि छेड़छाड़, पीछा करने, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अभिव्यक्ति ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा अपने परिवार और परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें और नाबालिगों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें।