गौठान के पास चल रही थी अवैध शराब की बिक्री, उतई पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

उमरपोटी गांव में कार्रवाई, 30 पौवा देशी शराब और बिक्री की नगदी बरामद; आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज।

गौठान के पास चल रही थी अवैध शराब की बिक्री, उतई पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

दुर्ग। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में उतई पुलिस ने ग्राम उमरपोटी में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 पौवा देशी मदिरा और बिक्री की नगदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक 19 जुलाई को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ग्राम उमरपोटी स्थित गौठान के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान भुनेश्वर आग्नेकर उर्फ भुवनु (28 वर्ष) और नकुल वर्मा (35 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई के रूप में बताई। तलाशी के दौरान एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा 5.4 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग ₹2,400 बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त ₹400 नकद भी बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से शराब संग्रहित कर ग्राहकों को बेच रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।