ऑटो में बैठते ही उड़ा दिए ₹74 हजार, चालक और साथी गिरफ्तार

बैंक में रकम जमा कराने जा रहे युवक को बनाया निशाना, सीट बदलवाकर और वाहन खराब होने का बहाना बनाकर अंजाम दी वारदात।

ऑटो में बैठते ही उड़ा दिए ₹74 हजार, चालक और साथी गिरफ्तार

भिलाई। बैंक में ₹74 हजार जमा कराने जा रहे एक यात्री की जेब से नकदी चोरी करने वाले ऑटो चालक और उसके साथी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से यात्री को ऑटो में बैठाया, बार-बार सीट बदलवाई और फिर उसकी जेब से रकम पार कर दी।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी अरविन्द कुमार (32 वर्ष), निवासी भिलाई-03, 15 जुलाई को जीई रोड स्थित अपने कार्यालय से केनरा बैंक बरोदा शाखा में ₹74,000 जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान वह एक नीले-सफेद रंग के ऑटो में सवार हुए, जिसमें पहले से दो अन्य व्यक्ति बैठे हुए थे।

रास्ते में ऑटो चालक ने पहले उन्हें पीछे और फिर आगे की सीट पर बैठाया। इसके बाद बैंक तक ले जाने के बजाय ज्योति कटिंग, चरोदा के पास वाहन रोककर उतार दिया। जब अरविन्द कुमार ने अपनी जेब की जांच की तो उसमें रखे ₹74,000 गायब थे।

शिकायत मिलने पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने ऑटो क्रमांक CG 07 DB 6016 की पहचान की और चालक सहित उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पहचान परेड में प्रार्थी ने दोनों आरोपियों को पहचान लिया। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी गुरजीत सिंह (31 वर्ष) और धीरज वर्मा (20 वर्ष), दोनों निवासी बॉम्बे आवास, जामुल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बॉबी गुरजीत सिंह के खिलाफ थाना सुपेला क्षेत्र में मारपीट और चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 07 DB 6016 को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

आरोपी का नाम :

1. बॉबी गुरजीत सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बॉम्बे आवास), जामुल, जिला दुर्ग।

2. धीरज वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बॉम्बे आवास), जामुल, जिला दुर्ग।