20 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

20 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

तातापानी (बलरामपुर-रामानुजगंज)। पुलिस चौकी तातापानी ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम चन्द्रनगर निवासी धनपत सिंह (44 वर्ष) अपने घर में हाथ भट्ठी से निर्मित अवैध महुआ शराब बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में संग्रहित कर रखा है। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी तातापानी ने पुलिस टीम के साथ ग्राम चन्द्रनगर पहुंचकर आरोपी के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 20 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत कार्रवाई करते हुए शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी धनपत पिता रामशरण, निवासी ग्राम चन्द्रनगर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 00/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर 20 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।