केदारनाथ मंदिर के कपाट खुले, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम

केदारनाथ मंदिर के कपाट खुले, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम

उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल केदारनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहले से ही धाम में मौजूद थे।

राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस मौके पर धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस वर्ष बाबा केदार के धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पहले मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय करते हुए केदारनाथ धाम पहुंची।

डोली जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारपुरी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात हैं।