जामुल गोलीकांड का खुलासा: बदले की साजिश में 6 आरोपी गिरफ्तार, बिहार से बुलाए गए शूटर

जामुल गोलीकांड का खुलासा: बदले की साजिश में 6 आरोपी गिरफ्तार, बिहार से बुलाए गए शूटर

भिलाई। जामुल में हुई फायरिंग की गुत्थी पुलिस ने तीन दिन में सुलझा दी। पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ लिया है। कहानी सीधी लगती है, लेकिन पूरी तरह बदले की जमीन पर तैयार की गई थी।

उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे विकास प्रजापति ईदगाह के सामने इंतजार कर रहा था। उसे बर्थडे इवेंट मैनेजमेंट का काम बताकर बुलाया गया था। तभी दो बाइक सवार पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह शिवम साव की हत्या में शामिल था। इसी बात पर एक आरोपी ने पिस्टल निकाली और गोली चला दी। किस्मत से गोली उसके दाहिने कान के पास से निकल गई और वह बच गया।

शिकायत मिलते ही जामुल पुलिस और ACCU की टीम सक्रिय हो गई। जांच में सामने आया कि दिसंबर 2024 में शिवम साव की हत्या हुई थी। उसी केस में पांच लोग जेल भेजे गए थे। इसी घटना का बदला लेने के लिए शिवम का चचेरा भाई करण साव हालात को अपने तरीके से मोड़ रहा था।

पुलिस पूछताछ में करण ने स्वीकार किया कि उसने बिहार शरीफ में अपने रिश्तेदार से संपर्क किया और वहीं से तीन शूटर बुलवाए। उन्हें बाइक, वाहन और सिम कार्ड तक उपलब्ध कराया गया। योजना साफ थी: विकास को फोन करके बुलाओ और रास्ते में खत्म कर दो।

पुलिस ने करण साव के साथ उसके भाई ऋषभ, बड़े पापा संजय और विनय, चाचा संतोष और दोस्त सुमीत को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। बाकी आरोपियों के लिए टीम बाहर भेजी गई है।

गिरफ्तार आरोपी

1. करण साव, 27 वर्ष, बैकुण्ठ धाम छावनी

2. ऋषभ त्रिलोचन साव, 21 वर्ष, बैकुण्ठ धाम छावनी

3. संजय साव, 58 वर्ष, बैकुण्ठ धाम छावनी

4. संतोष साव, 58 वर्ष, बैकुण्ठ धाम छावनी

5. विनय कुमार साव, 66 वर्ष, बैकुण्ठ धाम छावनी

6. सुमीत कुमार, 21 वर्ष, केम्प 2 छावनी