CM विष्णुदेव साय वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ समारोह में हुए शामिल, पीएम मोदी बोले देश के लिए ऐतिहासिक क्षण
रायपुर में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में CM विष्णुदेव साय शामिल हुए। पीएम मोदी ने कहा—यह देशवासियों के लिए गर्व का पल है, समारोह में डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया जाएगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस वर्ष देश के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। गौरतलब है कि बंकिमचंद्र चटर्जी ने यह अमर रचना अक्षय नवमी के दिन, 7 नवंबर 1875 को लिखी थी।

उस समय से लेकर आज तक, वंदे मातरम भारत की स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक बना हुआ है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स (Twitter) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “देशवासियों के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है। हम वंदे मातरम् गान के गौरवशाली 150 वर्षों का उत्सव मना रहे हैं। यह वह प्रेरक आह्वान है जिसने कई पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत किया है।”

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस विशेष अवसर पर सुबह 9:30 बजे दिल्ली में समारोह आयोजित होगा, जिसमें स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वंदे मातरम का सामूहिक गायन रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर कहा कि “वंदे मातरम केवल गीत नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता का प्रतीक है। इसने देश को स्वतंत्रता के संघर्ष में एक सूत्र में बांधा था।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और सांस्कृतिक संगठन शामिल हुए और वंदे मातरम के सामूहिक गायन से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
