जनता की सेहत पर संकट, NHM हड़ताल के बीच 25 कर्मचारी बर्खास्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी NHM कर्मचारियों की हड़ताल थमने का नाम नहीं ले रही। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए 25 अधिकारी और कर्मचारियों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है।
NHM कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उनकी 10 मांगों में से 5 पर सरकार सहमत हो चुकी थी, लेकिन बाकी मांगों को लेकर टकराव बरकरार है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में संविलियन और स्थायीकरण, समान काम के लिए समान वेतन, लंबित वेतन वृद्धि, कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस और मृत कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी देने जैसी बातें शामिल हैं।
लगातार हड़ताल से प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। ग्रामीण और शहरी इलाकों के अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। इसी बीच 29 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग ने हड़ताली कर्मचारियों को काम पर लौटने की चेतावनी दी थी। आदेश न मानने पर अब 25 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जनहित से जुड़े कामों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं कर्मचारी संगठन का कहना है कि उनकी मांगें जायज हैं और सरकार को अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी स्थायीकरण लागू करना चाहिए। अब देखना होगा कि यह विवाद बातचीत से सुलझता है या टकराव और गहराता है।