स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में दुर्ग को राष्ट्रीय स्तर पर 24वां और राज्य में 17वां स्थान, शहर ने पिछली रैंकिंग से लगाई लंबी छलांग
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में दुर्ग नगर निगम को देशभर में 24वां और राज्य में 17वां स्थान प्राप्त हुआ। GFC में 1 स्टार और ODF++ सर्टिफिकेशन भी मिला।

दुर्ग। स्वच्छता के क्षेत्र में दुर्ग शहर ने इस बार उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों में नगर निगम दुर्ग ने देशभर में 50000 से 3 लाख जनसंख्या वाले शहरों में 24वां स्थान और छत्तीसगढ़ राज्य में 17वां स्थान प्राप्त किया है। यह जानकारी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में दी गई, जहां केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्य मंत्री तोखन साहू ने विजेताओं को सम्मानित किया।
इस वर्ष दुर्ग को 12500 अंकों में से कुल 10167 अंक प्राप्त हुए। साथ ही गार्बेज फ्री सिटी (GFC) स्टार रेटिंग में 1 स्टार और ODF++ (Open Defecation Free++) सर्टिफिकेशन भी प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दुर्ग को देश में 314वां स्थान मिला था, जो इस बार सीधे 24वें स्थान में परिवर्तित हुआ है। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने इस उपलब्धि को नगर निगम टीम, सफाई कर्मियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य शहर को देश में नंबर 1 बनाना है, और यह सम्मान हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"
नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने भी इस सफलता को शहरवासियों के सहयोग और निगम कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में सफाई अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों को और तेज किया जाएगा। महापौर बाघमार ने आगे कहा कि स्वच्छता छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है, और दुर्ग शहर इस परंपरा को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।