शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी
खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी को दबोचा; आरोपी के खिलाफ पहले से 4 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंट लंबित

भिलाई। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से 4 स्थायी वारंट और 2 गिरफ्तारी वारंट लंबित होने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को करीब रात 8 बजे खुर्सीपार क्षेत्र में एक व्यक्ति ने महिला से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद प्रार्थिया पूजा कुमारी (30) ने थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 397/2026 दर्ज करते हुए BNS की धारा 119(1), 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान सुशील उर्फ चुग्गे (30) के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पहले से 6 वारंट लंबित
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुशील उर्फ चुग्गे के खिलाफ पहले से ही 4 स्थायी वारंट और 2 गिरफ्तारी वारंट लंबित थे। पुलिस अब उसके पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
होटल के सामने हुई थी वारदात
घटना रामचन्द्र होटल के सामने, अदिति फैंसी स्टोर के पास खुर्सीपार में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शराब के लिए पैसे मांगना और मना करने पर महिला के साथ मारपीट करना ही वारदात की मुख्य वजह रही। खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
