दो दिन में 1009 बैनर-पोस्टर हटाए, भिलाई निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई
शहर की सुंदरता बिगाड़ने वाले अवैध प्रचार सामग्री पर निगम की सख्ती, जोन-4 में सबसे ज्यादा 363 बैनर-पोस्टर हटाए

भिलाईनगर। शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए बैनर-पोस्टर के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम के सभी जोनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान महज दो दिनों में 1009 बैनर-पोस्टर हटाए गए।
निगम के अनुसार 4 सितंबर से 5 सितंबर 2026 तक शहर के सभी जोनों में कार्रवाई की गई। इस दौरान विद्युत पोल, डिवाइडर, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों पर अनाधिकृत रूप से लगाए गए प्रचार सामग्री को हटाया गया।
जोन-4 में सबसे ज्यादा कार्रवाई
दो दिनों में की गई कार्रवाई में जोन-4 सबसे आगे रहा। यहां 363 बैनर-पोस्टर हटाए गए। इसके बाद जोन-2 में 310, जोन-3 में 165, जोन-1 में 117 और जोन-5 में 54 बैनर-पोस्टर हटाए गए। निगम अधिकारियों के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए जाने वाले बैनर-पोस्टर न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित करते हैं, बल्कि कई जगहों पर यातायात व्यवस्था और विद्युत पोल से जुड़ी सुरक्षा के लिए भी परेशानी पैदा करते हैं। इसी को देखते हुए निगम द्वारा हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।
बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने पर कार्रवाई जारी रहेगी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों, विद्युत पोल, डिवाइडर और अन्य स्थानों पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और अन्य संगठनों से अपील की है कि शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति बैनर-पोस्टर न लगाएं।
