नौकरानी ने उड़ाया लॉकर, 2.5 लाख लेकर फरार, CCTV से खुला राज

रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में एक घरेलू नौकरानी ने भरोसे को तोड़ते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घर की देखरेख के लिए रखी गई युवती ही लॉकर लेकर फरार हो गई, लेकिन CCTV फुटेज ने पूरी कहानी खोल दी।

मामला देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल इलाके का है, जहां रहने वाले देवाशीष गुरू ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 से प्रिया ढीढी नाम की युवती को घर और बच्ची की देखभाल के लिए रखा गया था।

21 अप्रैल की शाम परिवार शादी समारोह में बाहर गया हुआ था। उसी दौरान घर में प्रिया ढीढी अकेली थी। रात करीब 8 बजे जब परिवार को शक हुआ और घर की जांच की गई, तो बेडरूम की अलमारी खुली मिली और अंदर रखा लॉकर गायब था। लॉकर में करीब 2.5 लाख रुपये नकद रखे थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने मौके पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखा कि नौकरानी प्रिया ढीढी लॉकर उठाकर ले जा रही है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में प्रिया ढीढी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरा लॉकर और 2.5 लाख रुपये बरामद कर लिए।

