भिलाई में 10 लाख की हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, जामुल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

भिलाई। नशा मुक्ति अभियान के तहत जामुल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 49.8 ग्राम हेरोइन, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 9.97 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 8 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला हेरोइन बेच रही है। सूचना के आधार पर जामुल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
महिला आरक्षक की उपस्थिति में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 1,000 रुपये नगद और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजविन्दर कौर (25 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई, थाना जामुल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
