शादी की खुशियां मातम में बदली: बेटी के लिए खरीदारी कर लौट रहे दंपत्ति की सड़क हादसे में मौत

मुंगेली। फास्टरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी (56) और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी (48) मुंगेली शहर से शादी का सामान खरीदकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और माहौल खुशी का था।

इसी दौरान नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही फास्टरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद ग्राम लगरा में शोक की लहर है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।

